
नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में चीनी और खाद्य तेलों में पिछले कुछ समय से देखा जा रहा उछाल सोमवार को भी जारी रहा। चावल के दाम भी बढ़ गये। वहीं, दालों की कीमतों में उतार-चढ़ाव रहा। मीठे के बाजार में चीनी की औसत कीमत 212 रुपये बढ़कर 5,830 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। इसमें लगातार छठे दिन तेजी रही है। पिछले सप्ताह चीनी 777 रुपये महंगी हुई थी। गुड़ का औसत भाव भी 159 रुपये बढ़कर 5,843 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया है। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 23 रुपये चढ़कर 4,127 रुपये प्रति क्विंटल हो गयी। गेहूं 2,839 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटे की कीमत पांच रुपये टूट गयी।
दाल-दलहनों में चना दाल की औसत कीमत 66 रुपये और मसूर दाल की 39 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चना दाल 15 रुपये और उड़द दाल 11 रुपये महंगी हुई। मूंग दाल में दो रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी। मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में नवंबर का पाम ऑयल वायदा 72 रिंगिट गिरकर 4,946 रिंगिट प्रति टन रह गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 3.49 प्रतिशत लुढ़ककर 67.15 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजार में आज मूंगफली तेल औसतन 118 रुपये और सरसों तेल 65 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। इनके दाम भी पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ रहे हैं। सूरजमुख तेल की कीमत 36 रुपये और पाम ऑयल की 26 रुपये बढ़ गयी। वनस्पति 21 रुपये और सोया तेल तीन रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुआ।
