सीहोर। आगामी 25 अगस्त को आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर कलेक्टर बालागुरू के. ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की.
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, बिजली व्यवस्था, मार्ग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
कांवड़ यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न मार्गों का डायवर्सन प्लान जारी किया गया है. यह डायवर्सन 23 अगस्त प्रात: 06 बजे से 25 अगस्त को रात 12 बजे तक लागू रहेगा. जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि असुविधा से बचने के लिए परिवर्तित मार्ग का प्रयोग करें. इसी तरह भोपाल की ओर से आने वाले भारी वाहन थाना-परवलिया अंतर्गत मुबारकपुर जोड़ एवं थाना खजूरी अंतर्गत तुमड़ा जोड़ से डायवर्ट होकर श्यामपुर, कुरावर, ब्यावरा और शाजापुर-मक्सी से होकर देवास इंदौर जाएंगे. इसी प्रकार देवास इंदौर से आने वाले भारी वाहन देवास से डायवर्ट होकर मक्सी-शाजापुर, ब्यावर, कुरावर और श्यामपुर होते हुए भोपाल जाएंगे. कन्नौज खातेगांव की ओर से आने वाले भारी वाहन आष्टा, शुजालपुर पचोर होते हुए ब्यावरा जा सकेंगे. होशंगाबाद, रेहटी भैरूंदा से इंदौर की ओर जाने वाले भारी वाहन थाना गोपालपुर-कन्नौद-आष्टा होते हुए इंदौर जा सकेंगे. भोपाल से आष्टा-देवास-उज्जैन-इंदौर जाने वाले छोटे वाहन एवं सवारी वाहन सीहोर न्यू क्रिसेंट चौराहा से भाऊखेड़ी जोड़ से अमलाहा होते हुए आष्टा, देवास, उज्जैन, इंदौर जा सकेंगे. इसी प्रकार इंदौर-उज्जैन-देवास से भोपाल जाने वाले छोटे वाहन एवं सवारी वाहन आष्टा-अमलाहा-भाऊखेड़ी जोड़-न्यू क्रिसेंट चौराहा होते हुए भोपाल की ओर जा सकेंगे.
कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण कर लें. उन्होंने ड्यूटी पर लगाए गए प्रत्येक अधिकारी को उनके प्वाइंट की जानकारी देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में ब्रीफ किया. उन्होंने कहा कि भीड़ को नियंत्रित रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है.
