
छिंदवाड़ा। जुन्नारदेव थाना क्षेत्र में एक प्रेमी युगल के शव पेड़ पर लटके मिले। दोनों एक ही रस्सी पर झूल रहे थे। बताया गया कि दोनों अपने अपने परिवार को छोडकऱ लिव-इन रिलेशन शिप में रह रहे थे। मामला गुरुवार सुबह सामने आया, उनके पास से एक नोट भी मिला जिसमें लिखा है कि उन्होंने यह कदम अपनी मर्जी से उठाया है। थाना प्रभारी राकेश बघेल ने के मुताबिक मृतक हरि प्रसाद 35 साल पिता पुरुषोत्तम निवासी जुन्नारदेव और लीला कुमरे 35 साल निवासी जुन्नारदेव दोनों पहले से शादीशुदा थे। दोनों अपने-अपने जीवनसाथियों को छोडकऱ एक साथ अलग रह रहे थे। जो पिछले तीन माह से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों ने बीती रात खेत में जाकर एक पेड़ में फांसी का फंदा बनाकर झूल गए। जब सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर उप निरीक्षक मगलेश्वर सिंह परिहार, उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे एवं रमन पंन्द्रे मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है। जिसमें लिखा है-हम यह काम अपनी मर्जी से कर रहे हैं। हमारे मरने के हम स्वयं जिम्मेदार है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
