
नयी दिल्ली, 22 मई (वार्ता) विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार को टोक्यो की यात्रा में उप विदेश मंत्री ताकेहिरो फुनाकोशी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मसाताका ओकानो और कुछ अन्य शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की।
यहां विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों ने इन बैठकों में आतंकवाद से लड़ने के लिए अपने साझा दृढ़ संकल्प को दोहराया।
श्री मिसरी की जापान के उप विदेश मंत्री फुनाकोशी के साथ बैठक में दोनों पक्षों ने राजनीतिक, रक्षा और सुरक्षा तथा आर्थिक-व्यापारिक क्षेत्र में पारस्परिक मजबूत संबंधों के साथ और जनता के बीच सम्पर्क बढ़ाने के उपायों आदि की समीक्षा की।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि श्री मिसरी और श्री फुनाकोशी ने सामयिक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।
विदेश सचिव ने इस यात्रा के दौरान आयोजित रायसीना टोक्यो वार्ता के दूसरे संस्करण में मुख्य भाषण दिया। इसका आयोजन ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन, जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन और जापान एसोसिएशन ऑफ कॉरपोरेट एग्जीक्यूटिव्स ने मिलकर किया था।
विदेश सचिव ने पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद जापान की सरकार और लोगों द्वारा भारत के प्रति समर्थन और एकजुटता प्रदर्शित किए जाने के लिए उनकी सराहना की और उनका आभार जताया।
विदेश सचिव की टोक्यो यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब भारत आतंकवाद के खिलाफ जापान सहित विभिन्न देशों में कई सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेज रहा है।
