बिजली चोरों की धरपकड़: सागर शहर समेत ग्रामीण इलाकों में 8 टीमें कर रहीं ताबड़तोड़ छापेमारी

सागर: बढ़ती बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सागर वृत्त द्वारा व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. मुख्य अभियंता देवेन्द्र कुमार के निर्देशन और अधीक्षण अभियंता चंद्ररेखा प्रभाकर के मार्गदर्शन में यह अभियान लगातार तेज किया गया है.सागर शहर के साथ-साथ खुरई, बीना, रहली, बंडा और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली खपत बढ़ने तथा चोरी की घटनाओं में इजाफा होने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है.

अधीक्षण अभियंता चंद्ररेखा प्रभाकर के अनुसार, भीषण गर्मी के चलते कूलर, पंखे और एसी के उपयोग में तेजी आई है, जिससे खपत बढ़ी है. इसी का फायदा उठाकर कुछ उपभोक्ता मीटर में छेड़छाड़, डायरेक्ट तार जोड़ने और अन्य अवैध तरीकों से बिजली चोरी कर रहे हैं.नगर संभाग के कार्यपालन अभियंता इमरान खान के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में स्मार्ट मीटर तकनीक अहम भूमिका निभा रही है. स्मार्ट मीटर से प्राप्त डेटा और इवेंट्स के विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पहचान की जा रही है, जिससे टीमों को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने में आसानी हो रही है.
अभियान के दौरान अब तक 34 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी गई है. जांच में कई उपभोक्ताओं द्वारा मीटर बायपास, अवैध कनेक्शन, घरेलू कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग और वायरिंग में अनियमितताएं सामने आई हैं. संबंधित मामलों में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.विभाग ने अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए शहर में आठ विशेष टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जांच कर रही हैं. अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान पूरे माह जारी रहेगा और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

Next Post

अनोखा संयोग: मुंगावली की दो जुड़वा बहनों ने CBSE 10वीं में हासिल किए एक समान अंक

Sat Apr 18 , 2026
मुंगावली: माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाल ही में घोषित परीक्षा परिणामों में माँ कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने परचम लहराया है,अपनी मेहनत और लग्न के चलते उन्होंने यह सफलता प्राप्त की। जिसमें छात्रा अनन्या जैन (पुत्री-एड. अनिल जैन) ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे मध्य प्रदेश में […]

You May Like