मुंबई, 21 अगस्त (वार्ता) सार्वजनिक उपक्रम भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की तेल की खोज और उत्खनन का काम करने वाली अनुषंगी कंपनी भारत पेट्रो रिसोर्सेज लिमिटेड (बीपीआरएल) ने ब्राजील में अपने पुराने संयुक्त उद्यम आईबीवी ब्राजली पेट्रोलिओ लिमिटाडा (आईबीवी) में वीडियोकॉन की पूरी हिस्सेदारी का सफलतापूर्वक अधिग्रहण पूरा कर लिया है।
इसके साथ ही फॉर्च्यून ग्लोबल 500 में शामिल बीपीसीएल का नाम ब्राजील कंपनी से जुड़ गया है। बीपीसीएल महारत्न कंपनी का दर्जा प्राप्त है।
बीपीसील की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इसअधिग्रहण के बाद आईबीवी, बीपीआरल की पूर्ण स्वामित्व वाली अप्रत्यक्ष सहायक कंपनी बन गई और इसका नाम बदलकर बीपीआरएल ब्राजील लिमिटाडा कर दिया गया है। नाम परिवर्तन को ब्राजील के संबंधित अधिकारियों ने 19 अगस्त को मंजूरी देकर उसको पंजीकृत कर दिया।
बीपीआरएल ब्राजील लिमिटाडा के पास ब्राजील में तेल एवं गैस क्षेत्रों की विभिन्न स्वीकृत परियोजनाओं में हिस्सेदारी है, जिनमें बीएम-सील-11 और बीएम-सी-30 ब्लाक शामिल हैं। बीएम-सील-11 में पेट्रोब्रास और बीपीआरएल ब्राजील लिमिटाडा का कंसोर्टियम विकास गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा है। उत्पादन शुरू होने के बाद इस परियोजना में बीपीआरएल की हिस्सेदारी के अनुसार लगभग 10 लाख टन तेल समतुल्य प्रति वर्ष तेल एवं गैस उत्पादन में योगदान देने की क्षमता है।
नया नाम बीपीआरएल की नई पहचान और एक नई शुरुआत का प्रतीक है। अब कंपनी का पूरा ध्यान परियोजनाओं के विकास से जुड़ी गतिविधियों पर होगा और इसके साथ बीपीसीएल के मूल्यों, कार्य संस्कृति तथा ब्रांड के वादे को आगे बढ़ाया जाएगा। ब्राजील के बाजार के लिए यह स्वामित्व में बदलाव और साझेदारी के लिए एक मजबूत एवं स्थिर इकाई के रूप में नई शुरुआत का संदेश देता है।
यह उल्लेखनीय है कि बीपीसीएल के प्रोजेक्ट एस्पायर के तहत बीपीआरएल तेजी से आगे बढ़ रही है और ब्राजील एवं मोजाम्बिक सहित उसके सभी निवेश निर्धारित दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। वर्तमान में बीपीआरएल भारत और विदेशों में अपनी परिसंपत्तियों से प्रतिदिन लगभग 55,000 बैरल तेल या उसके समतुल्य गैस का उत्पादन कर रही है।
इन निवेशों के परिणामस्वरूप कंपनी के तेल गैस उत्पादन में 2031 तक उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
