
उज्जैन। ओडिशा से गांजा लेकर आये 3 युवक कार से तराना की ओर जा रहे थे। पुलिस को सूचना मिली तो कनीपुरा मार्ग पर घेराबंदी की गई। बिना नम्बर की की हुंडई ऑरा कार को रोका गया। जिसमें से 25 पैकेट में भरा 53 किलो 372 ग्राम गांजा बरामद हो गया।
चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार रात एसआई जयदीप राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर कानीपुरा-तराना रोड से गुजरने वाले हैं। पुलिस टीम ने श्री साईकुंज कॉलोनी के सामने नाकाबंदी की। कुछ देर बाद कानीपुरा की ओर से तराना तरफ जाती बिना नंबर की सफेद हुंडई ऑरा कार दिखाई दी, जिसे रोका गया और तीन युवकों को हिरासत में लेकर कार की को तलाशी ली गई। पिछली सीट और डिक्की में रखे तीन लॉक बैग व सूटकेस से 25 पैकेटों में भरा 53.372 किलोग्राम गांजा बरामद हो गया। युवकों को थाने लाकर पूछताछ की गई, उनके नाम आदर्श पिता रमेशचन्द्र नायक 29 वर्ष, निवासी ग्राम इटावा थाना तराना, हाल राज रॉयल्स कॉलोनी, तेजस पिता बहादुर वर्मा 19 वर्ष, निवासी देव नगर तिरुपति कॉलोनी उज्जैन और साहिल पिता हाकिम हैला 30 वर्ष, निवासी बड़ा मोहल्नला पानबिहार थाना घट्टिया सामने आये।
ओडिसा से तीनों लेकर लाए मादक पदार्थ
प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने गांजा ओडिशा से ट्रेन के माध्यम से उज्जैन तक लाना और फिर तराना ले जाना कबूल किया है। तीनों को शनिवार दोपहर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। बड़ी मात्रा में गांजा बरामद करने में एस आई जयदीप राठौर, दिनेश भाट, प्रधान आरक्षक पीयूष मिश्रा, कपिल राठौर, आरक्षक आनंद मिश्रा, जगदीश, रवि पटेल, अभिषेक, भूपेश, दीपक पटेल का सहयोग रहा। विदित रहे अभी पुलिस मादक पदार्थ और अवैध शराब विक्रेताओं पर काफी संख्या में पकड़ रही है।
