
सीधी। कोतवाली पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल को बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 8 दिन में सफलता मिली। 14 अगस्त को सब्जी मंडी जोरौधा से मोटरसाइकिल चोरी हुई थी । पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल चोरी के प्रकरण में लगातार प्रयास करते हुए चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की गई है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 16 अगस्त 2026 को फरियादी सुरेन्द्र जायसवाल पिता ललऊ जायसवाल उम्र 38 वर्ष निवासी बगैहा, थाना कोतवाली, जिला सीधी द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह दिनांक 14 अगस्त 2026 को सब्जी विक्रय करने के लिए अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 53 एमएफ 3343 से सब्जी मंडी जोरौधा गया था। फरियादी द्वारा अपनी मोटरसाइकिल को सब्जी मंडी में दिनेश सिंह चौहान की दुकान के पास खड़ा कर सब्जी विक्रय करने लगा। इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मोटरसाइकिल की तलाश एवं आरोपी की पतासाजी के लिए लगातार प्रयास किए गए। पुलिस टीम द्वारा प्राप्त जानकारी एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मनीष कुमार गुप्ता निवासी सजन्हवा की पतासाजी की गई। पूंछताछ एवं कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से हीरो कंपनी की डीलक्स मोटरसाइकिल, जिस पर आगे एवं पीछे एमपी 53 एमएफ 3343 नंबर अंकित था, बरामद की गई। उक्त मोटरसाइकिल को विधिवत गवाहों के समक्ष जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, एएसआई राजमणि रजक, प्रआर बालेन्द्र, आरक्षक प्रखर एवं सुनील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
