
दमोह। थाना कोतवाली क्षेत्र में पुराना थाना के पास एक व्यक्ति द्वारा कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना पर डायल-112 एफआरबी-4 द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए व्यक्ति की जान बचाई गई। 21 अगस्त 2026 को शाम 17:22 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में घटना की सूचना प्राप्त हुई। थाना कोतवाली की एफआरबी व्यस्त होने के कारण नजदीकी एफआरबी-04 को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दमोह डायल-112 कंट्रोल रूम में पदस्थ महिला आरक्षक 258 रितिका तिवारी द्वारा सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया।
प्रभारी रेडियो एसआई जयश्री जैन व प्रभारी डायल-112 ASI अजय शुक्ला के मार्गदर्शन में डायल-112 टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। FRV-04 में पदस्थ आरक्षक 85 दीपक व पायलट चरन ने मौके पर पहुंचकर देखा कि व्यक्ति कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगाने का प्रयास कर रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और समय रहते व्यक्ति को फांसी लगाने से बचा लिया। टीम की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ व तत्परता से एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।
