मऊगंज में सिंथेटिक ड्रग्स बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने मऊगंज जिले में सिंथेटिक मादक पदार्थ (एमडी) के अवैध निर्माण से जुड़े एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 1 करोड़ 28 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, रसायन, उपकरण और वाहन जब्त किए गए। यह कार्रवाई विंध्य क्षेत्र में संगठित नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत की गई।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान लगभग 360 ग्राम संदिग्ध एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 300 लीटर से अधिक विभिन्न रसायन, प्रयोगशाला में उपयोग होने वाले उपकरण, मशीनरी तथा अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त एक महिंद्रा नियो बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया।

आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला, कच्चे माल के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में मादक पदार्थों के उत्पादन और तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा तथा जनजागरूकता के माध्यम से भी नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

 

Next Post

MP में पैर पसार रहा है संगठित नशा कारोबार, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो: पटवारी

Tue Jul 7 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश में हाल ही में सामने आए अवैध शराब और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों को लेकर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे नेटवर्क की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि प्रदेश में संगठित शराब और […]

You May Like