ग्राम पंचायत बड़ागांव में सरपंच के धरने के 2 घंटे के भीतर सचिव पदस्थापना आदेश आने के बाद धरना हुआ समाप्त

रीवा, ​रीवा जिले की जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़गांव में बीते कई महीनों से सचिव की पदस्थापना नहीं होने के कारण ग्रामीण और पंचायत के काम-काज बुरी तरह प्रभावित हो रहे थे।स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को कई बार आवेदन और निवेदन दिए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई थी और सचिव की पदस्थापना नहीं हो सकी थी।लगातार हो रही उपेक्षा और विकास कार्यों के ठप होने से क्षुब्ध होकर आखिरकार आज ग्राम पंचायत बड़गांव के सरपंच भारत कोरी ने मोर्चा संभाल लिया।सरपंच ने अपनी मांग को लेकर पंचायत भवन परिसर में ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।सरपंच के इस अचानक शुरू हुए धरने की खबर से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया और धरने के महज दो घंटे के भीतर ही आदेश जारी कर दिया। जिला पंचायत कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत पतौता में पदस्थ सचिव महानंद शुक्ला को ग्राम पंचायत बड़गांव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सचिव की पदस्थापना का आधिकारिक आदेश मिलते ही सरपंच भारत कोरी ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की।

*​मुख्य कार्यपालन अधिकारी का बयान*

​सीईओ प्रदीप दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पंचायत कार्यालय से ग्राम पंचायत बड़गांव के लिए सचिव की पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया गया है।पतौता पंचायत के सचिव महानंद शुक्ला को बड़ागांव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।नवपदस्थ सचिव रविवार या सोमवार तक ग्राम पंचायत बड़गांव में अपनी जॉइनिंग दे देंगे जिसके बाद पंचायत के सभी कार्य सुचारू रूप से पुनः प्रारंभ हो जाएंगे।

*​सरपंच का बयान*

​ग्राम पंचायत बड़गांव में पिछले कई महीनों से सचिव का पद खाली पड़ा था, जिससे गांव के विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े थे और आम जनता को छोटे-छोटे कामों के लिए परेशान होना पड़ रहा था। अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तब हमें पंचायत भवन परिसर में धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा। अब जब प्रशासन ने हमारी मांग को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सचिव का आदेश जारी कर दिया है, तो हमने अपना धरना समाप्त कर दिया है। हमें उम्मीद है कि अब पंचायत का काम तेजी से आगे बढ़ेगा।

Next Post

कुम्हेड़ नदी पर पुलिया नहीं जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे ग्रामीण

Sat Aug 22 , 2026
छतरपुर/महाराजपुर। नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 15 के हरपई गांव में कुम्हेड़ नदी पर पुलिया नहीं होने से 50 से अधिक परिवारों को बारिश के दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। ग्रामीणों […]

You May Like