
छतरपुर/महाराजपुर। नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 15 के हरपई गांव में कुम्हेड़ नदी पर पुलिया नहीं होने से 50 से अधिक परिवारों को बारिश के दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से नदी पर सुरक्षित पुलिया निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
बारिश में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। स्कूल से लौटने के बाद कई बच्चे नदी किनारे पानी का बहाव कम होने का इंतजार करते हैं। वहीं कुछ ग्रामीण बच्चों को कंधे पर बैठाकर तेज बहाव के बीच नदी पार कराने को मजबूर हैं। हाल ही में सामने आए वीडियो में स्कूल ड्रेस पहना एक छात्र नदी किनारे बैठा नजर आया, जबकि कुछ लोग बच्चों को नदी पार कराते दिखे।
ग्रामीणों के अनुसार हरपई में करीब 50 से अधिक परिवार निवास करते हैं और लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और नगरपालिका के अधिकारियों के सामने समस्या रखी गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने कहा कि कुम्हेड़ नदी पर पुलिया का निर्माण केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि लोगों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। तेज बारिश के दौरान नदी का बहाव बढ़ने से हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने नगरपालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द पुलिया निर्माण की मांग की है।
