
सीधी। सोन नदी के जोगदहा घडिय़ाल अभ्यारण्य में मृत मगरमच्छ के मिलने के बाद से विभागीय हल्के में हडक़ंप मचा हुआ है वहीं लोग इसे लापरवाही बता रहे हैं। सुबह करीब 4 फिट लंबा एक मगरमच्छ के मृत मिलने के बाद से आरंभ में मामले को दबाने का प्रयास किया गया लेकिन मीडिया को भनक मिलने के बाद से जिले के विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई। जिसके बाद एक टीम संजय टाईगर रिजर्व के सीसीएफ के निर्देश पर जांच के लिए मौके पर पहुंची। वहीं क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जोगदहा घडिय़ाल अभ्यारण्य क्षेत्र प्रतिबंधित क्षेत्र है फिर भी जोगदहा अभ्यारण्य में मछली मारने के लिए ब्लॉस्टिंग का काम भी होता है। इसी वजह से मगरमच्छ की मौत हुई है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कई बार बड़े मगरमच्छ भी छोटे मगरमच्छ को अपना शिकार बनाने के लिए आक्रामक हो जाते हैं। बहरहाल विभाग द्वारा मगरमच्छ की मौत के मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
