
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महंगाई, किसानों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केन्द्र एवं राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। भोपाल में पत्रकारों से चर्चा के दौरान प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक भी मौजूद रहे।
पटवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने जमीनी लोकतंत्र को मजबूत करने, 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने तथा सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के विकास की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि खाद्य तेल, चीनी, दूध और दालों की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। वहीं किसानों को उनकी उपज का पर्याप्त मूल्य नहीं मिल रहा, जबकि उपभोक्ताओं को महंगे दाम चुकाने पड़ रहे हैं।
पटवारी ने प्रदेश में शराबबंदी के दावों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अवैध और जहरीली शराब का नेटवर्क अब भी सक्रिय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अवैध शराब और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाएगी।
शिक्षा व्यवस्था पर उन्होंने स्कूल एवं उच्च शिक्षा की स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि आठ दिन में ठोस निर्णय नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेशभर के स्कूलों में ‘दस्तक’ अभियान चलाकर बुनियादी सुविधाओं, शिक्षकों की कमी और विद्यार्थियों की समस्याओं को उजागर करेंगे। इसके बाद सभी संभागों में साइक्लोथॉन आयोजित किए जाएंगे।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में उठे महंगाई, किसान, परिसीमन और कथित चीनी अतिक्रमण जैसे मुद्दों को भी जनता के बीच ले जाकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
