डीएवीवी में छात्रसंघ चुनाव की मांग पर बवाल, छात्रों ने तोड़ा गेट, कुलपति को सौंपा ज्ञापन

इंदौर:देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर निजी कॉलेजों के विद्यार्थियों और छात्र नेताओं ने प्रदर्शन किया. छात्र नेता वीरेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में विद्यार्थी आईपीएस कॉलेज से साइकिल रैली निकालकर आरएनटी मार्ग स्थित विश्वविद्यालय पहुंचे. यहां छात्रों ने चुनाव की तारीख जल्द घोषित करने और सितंबर में चुनाव कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की.

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट का चैनल गेट तोड़ दिया और परिसर में प्रवेश कर कुलपति कक्ष की ओर बढ़े. इससे विश्व विद्यालय कर्मचारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद की स्थिति बनी. बाद में कुलपति अशोक सिंघाई ने छात्र नेताओं से मुलाकात कर उनका ज्ञापन लिया.कुलपति ने बताया कि छात्रों ने जबलपुर हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग रखी है.

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को शासन या संबंधित विभाग से चुनाव कराने के संबंध में अभी कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं. हालांकि, विश्वविद्यालय चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है. छात्रों के ज्ञापन को अपनी अनुशंसा के साथ राज्य शासन, भोपाल और संबंधित विभाग को भेजा जाएगा. सिंघाई ने विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थान में इस तरह की गतिविधियां उचित नहीं हैं। गेट तोड़ना गंभीर मामला है और विश्वविद्यालय की ओर से नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

छात्र नेताओं ने दावा किया कि कुलपति ने सितंबर में छात्रसंघ चुनाव कराने की बात कही है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जल्द तारीख घोषित नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

Next Post

गांधी हॉल में जर्मनी की महिला से छेड़छाड़, चौकीदार गिरफ्तार

Thu Aug 20 , 2026
इंदौर:गांधी हॉल में विदेशी मेहमानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं. पहले ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आ चुका है. अब दिल्ली से इंदौर घूमने आई जर्मनी मूल की महिला के साथ अशोभनीय व्यवहार किया. महिला की शिकायत पर […]

You May Like