जबलपुर:दूषित और मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ नगर निगम मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मंगलवार को कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। दीनदयाल चौक स्थित बड़्कुल स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन एवं मिठाइयों का निर्माण होता मिला। डीप फ्रीजर में फफूंद लगी थी और उसके अंदर करीब 100 सड़े हुए मोमोज और 5 किलो शेजवान चटनी रखी मिली। दोनों के सैंपल लेने के बाद बाकी सामग्री मौके पर नष्ट कराई गई। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मिलने पर प्रतिष्ठान के मैनेजर और मालिक के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बड़्कुल स्वीट्स पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं उखरी तिराहा स्थित ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के निरीक्षण में पूजा घी के नाम से पैकेट विक्रय होते मिले। मैनेजर की मौजूदगी में पूजा घी का सैंपल लिया गया और 16 किलो घी जब्त किया गया। शंका के आधार पर अमूल बटर का सैंपल भी लिया गया। विजय नगर स्थित राज डेयरी के निरीक्षण के दौरान पनीर और घी के सैंपल लिए गए। राज डेयरी पर 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान लिए गए सभी सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
