तेहरान, 18 अगस्त (वार्ता) ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बघेर गालिबाफ ने अमेरिका के सामने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए कई शर्तें रखी हैं तथा उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका के ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी हटाये जाने , जब्त संपत्तियों को मुक्त करने और तेल पर से प्रतिबंध हटाये जाने के साथ ही सैन्य धमकियां बंद करने तक इस जलमार्ग को नहीं खोला जायेगा।
जून में अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम करने तथा 60 दिनों में अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए एक सहमति पत्र (एमओयू) बना था, जिसकी समय सीमा बिना किसी सफलता के समाप्त हो गयी है। इस बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य में एक पोत पर हमला होने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जिससे क्षेत्र में तनाव और गहरा गया है।
वार्ता विफल होने और लंबा संघर्ष खींचने की आशंका के चलते वैश्विक बाजारों पर असर पड़ा है। ब्रेंट क्रूड बढ़कर 91 डॉलर और डब्ल्यूटीआई वायदा 85 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।
इसके साथ ही अमेरिका और जर्मनी सहित कई प्रमुख देशों में बॉन्ड यील्ड बहु-वर्षीय उच्चतम स्तर पर पहुंच गयी है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और उधारी लागतों पर राजकोषीय दबाव बढ़ता दिख रहा है।
