बलिया नाला उफान पर,हजारों लोग परेशान

सिंगरौली । जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। लगातार बारिश के चलते अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं और कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। सोन नदी भी उफान पर होने से निचले इलाकों में चिंता बढ़ गई है।

इसी बीच बलिया नाला क्षेत्र में एनसीएल खदान और एनटीपीसी कॉलोनी की ओर से आने वाला पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है। इससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बारिश के दौरान बलिया नाला का पानी सड़क पर जमा होने से रास्ते में फिसलन की स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो चुके हैं, जबकि वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है, इसके बावजूद जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। इधर अधूरे ओवरब्रिज निर्माण ने भी समस्या को और गंभीर बना दिया है। बारिश से पहले निर्माण कार्य शुरू किया गया था,लेकिन धीमी गति के कारण काम पूरा नहीं हो सका। अब जलभराव और अधूरे निर्माण के बीच लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। जिले में लगातार बारिश का असर अन्य क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। देवरा-गनियारी मार्ग करीब 48 घंटे से बाढ़ के कारण प्रभावित बताया जा रहा है। कई छोटे-बड़े नालों में तेज बहाव है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी समस्या से परिचित होने के बावजूद समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं।

सिंगरौली रेलवे स्टेशन मार्ग बदहाल

लगातार हो रही बारिश ने सिंगरौली रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले प्रमुख मार्ग की बदहाली को और उजागर कर दिया है। शुक्ला मोड़ के आगे रेलवे अंडरपास के आसपास सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश का पानी भरने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहन चालक दुर्घटना के साथ वाहन फंसने की समस्या से जूझ रहे हैं। मार्ग की खराब हालत के चलते आवागमन प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति भी बन रही है। वहीं मंगलवार की देर शाम सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। पानी से भरे क्षतिग्रस्त हिस्सों से निकलने में वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई और यातायात की रफ्तार पूरी तरह धीमी हो गई।

विंध्यनगर-तेलगवां मार्ग में घुठने तक जलभराव

विंध्यनगर-तेलगवां मार्ग की हालत और भी खराब है। मुसाफिरों एवं राहगीरो का आरोप है कि एनटीपीसी विंध्यांचल प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं। आलम यह है कि आज मंगलवार को उक्त मार्ग में करीब 300 मीटर दूरी तक जलभराव 2 फीट तक रहा। जहां मोटरसाइकिल से लेकर अन्य वाहनों के चालक परेशान रहे। जबकि इस मार्ग से रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। एनटीपीसी प्रबंधन पर लोग तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं।

Next Post

अचानक मंडला पहुंचे संभागायुक्त, योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा

Tue Aug 18 , 2026
जबलपुर। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने अचानक कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के साथ मंडला जिले के बिछिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चरगांव और मांगा का सघन भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें मिल रही योजनाओं […]

You May Like