
मंदसौर। भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा संगठन में उत्कृष्ट कार्य और सक्रियता के आधार पर जारी की गई देशव्यापी रैंकिंग में मंदसौर जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत छाप छोड़ी है। संगठन द्वारा देशभर के जिलाध्यक्षों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश उपाध्यक्षों की कार्यप्रणाली के मूल्यांकन के बाद शीर्ष पांच पदाधिकारियों की सूची जारी की गई। इस सूची में मंदसौर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दुर्गेश पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि मध्य प्रदेश स्तर पर वे पहले पायदान पर रहे हैं।
संगठन द्वारा जारी इस सूची में प्रदेश के अन्य युवा नेताओं ने भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान हासिल किया है। प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने देश के शीर्ष प्रदेश अध्यक्षों की सूची में चौथा स्थान प्राप्त किया, वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार पूरे देश में पहले स्थान पर रहे। राष्ट्रीय स्तर की इस रैंकिंग में मंदसौर जिले के जिलाध्यक्ष की इस बड़ी उपलब्धि से न केवल संगठन में उत्साह की लहर है, बल्कि पूरे देश में मंदसौर जिले का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में नई दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में देशभर के केवल उन शीर्ष पांच जिलाध्यक्षों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था जिन्होंने अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट संगठनात्मक कार्य किया है। मंदसौर जिलाध्यक्ष दुर्गेश पटेल को भी इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय बैठक में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ। मंदसौर जिले और मध्य प्रदेश को राष्ट्रीय मंच पर यह अभूतपूर्व गौरव मिलने पर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश व जिला स्तरीय वरिष्ठ नेताओं, युवा कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों ने सभी पदाधिकारियों को बधाई प्रेषित की है।
