दिग्विजय सिंह नेहरू गांधी परिवार के बचाव में आए

भोपाल, 16 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) समेत विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए आज कहा कि इनका उपयोग राजनैतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है।

राज्यसभा सांसद श्री सिंह ने यहां मीडिया को जारी एक बयान में कहा, “देश में नेहरू गांधी परिवार एक ऐसा परिवार है, जिसने 1930 से लेकर आज तक अपनी संपत्ति देश को ही सौंपी है। खुद के लिए स्वार्थ सिद्धि से कभी कोई संपत्ति उन्होंने अपने लिए अर्जित नहीं की है। भ्रष्टाचार का कोई आरोप उन पर आज तक नहीं लगा है।”

उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस मिलकर ईडी, आईटी और सीबीआई को एक राजनीतिक हथियार के रूप में दुरुपयोग कर रहे हैं, हम इसकी निंदा करते हैं। नेशनल हेराल्ड के केस में एक पैसा भी नेहरू गांधी परिवार ने अपने ऊपर खर्च नहीं किया है। एक रुपए भी अपने काम में उपयोग नहीं किया है। शुद्ध रूप से यह प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्डिरिंग एक्ट का केस बनता ही नहीं है।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “ईडी, आईटी, सीबीआई कितना ही इसमें जांच कर लें, नेशनल हेराल्ड के केस में किसी भी खाते से, चाहे पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर आज तक किसी भी नेहरू गांधी परिवार ने निजी तौर पर एक रुपए, एक पैसे का भी इसका उपयोग नहीं किया है। इसलिए जो कुछ आज किया गया है, उसकी हम घोर निंदा करते हैं। देश भर के और विशेष कर मध्यप्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं से मेरी प्रार्थना है कि आज ईडी दफ्तर पर जाकर अपना शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें। अगर नहीं पहुंच पा रहे हैं तो वीडियो को शेयर करिए और अपना विरोध दर्ज करिए।”

 

 

 

Next Post

हैदराबाद में दो व्यावसायिक संस्थानों पर ईडी की छापेमारी

Wed Apr 16 , 2025
हैदराबाद, 16 अप्रैल (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) के अधिकारियों ने बुधवार को यहां दो व्यावसायिक संस्थानों सुराना इंडस्ट्रीज और उसकी सहयोगी कंपनी साई सूर्या डेवलपर्स पर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, ईडी के अधिकारियों ने सुराना समूह के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के आवासों के साथ-साथ साई सूर्या […]

You May Like