
ललितपुर। जनपद के पाली तहसील अंतर्गत नाराहट थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नाराहट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नटयाना निवासी दो युवक मोटरसाइकिल से किसी कार्य से ललितपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नाराहट थाना क्षेत्र में रास्ते में सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक युवक की उम्र करीब 40 वर्ष, जबकि दूसरे की उम्र लगभग 25-26 वर्ष थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर थाना प्रभारी दया शंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ट्रक एवं उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। ट्रक चालक की पहचान होने के बाद उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
