नयी दिल्ली, 14 सितंबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सोमवार को कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर संभावित वोट कटौती और मतदाता सूची में गड़बड़ियों की आशंका के खिलाफ कांग्रेस पूरी तरह तैयार है।
इसी क्रम में दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन की मौजूदगी और यादव के नेतृत्व में आज यहां राजीव भवन में बीएलए-1 साथियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गयी।
बूथ मैनेजमेंट विभाग के चेयरमैन राजेश गर्ग द्वारा आयोजित कार्यशाला में सभी विधानसभा क्षेत्रों से आए बीएलए-1 को एसआईआर के दावे और आपत्तियाँ चरण के दौरान मतदाताओं की सहायता के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस किसी भी दलित, अल्पसंख्यक, पुनर्वास कॉलोनियों में रहने वाले निम्न वर्ग के नागरिक या अन्य पात्र मतदाता का वोट कटने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक विधानसभा के कुछ बूथों पर बड़ी संख्या में नाम कटने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जायेगा और जरूरत पड़ने पर न्यायालय का रुख किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे और झुग्गी-झोपड़ी क्लस्टरों, आरडब्ल्यूए कार्यालयों, गांवों की चौपालों और प्रमुख बाजारों में मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किये जायेंगे।
