
मुंबई, 07 अगस्त (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 31 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 10.512 अरब डॉलर बढ़कर गत 08 मई के बाद के उच्चतम स्तर 692.866 अरब डॉलर पर पहुंच गया। यह लगातार पांचवां सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा का देश का भंडार बढ़ा है। इससे पहले 24 जुलाई को समाप्त सप्ताह में यह 6.12 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 682.35 अरब डॉलर पर रहा था।
रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 31 जुलाई को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार 1.685 अरब डॉलर बढ़कर 104.743 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान, विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 8.75 अरब डॉलर का उछाल आया और यह 564.68 अरब डॉलर हो गयी। इसमें डॉलर के अलावा जापानी येन, ब्रितानी पाउंड और यूरो भी शामिल हैं। उनके मूल्य का निर्धारण डॉलर की तुलना में उनकी संदर्भ दर के आधार पर किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 2.8 करोड़ डॉलर और विशेष आहरण अधिकार 4.8 करोड़ डॉलर बढ़कर क्रमशः 4.778 अरब डॉलर और 18.666 अरब डॉलर पर रहा।
