केवलराम घाट पर चार श्रद्धालु डूबे, तीन को बचाया, एक की मौत 

ओंकारेश्वर। तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में मंगलवार को नर्मदा नदी में स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गोमुख घाट के समीप केवलराम घाट पर गहरे पानी में गए लखनऊ, उत्तर प्रदेश के चार श्रद्धालु डूबने लगे। नाविकों, होमगार्ड और एसडीईआरएफ जवानों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर तीन श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक श्रद्धालु की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

 

जानकारी के अनुसार संतोष पिता केशवनाथ (24), अनिकेत पिता राम सोनकर (23), कमल किशोर पिता रामकुमार (23) और शुभ उर्फ प्रखर तिवारी (24) नर्मदा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान चारों गहरे पानी में चले गए। बताया गया कि श्रद्धालु फोटो और वीडियो बनाने के लिए निर्धारित सुरक्षित स्थान से आगे निकल गए थे। घाट पर तैनात सुरक्षा जवान लगातार श्रद्धालुओं को गहरे पानी में नहीं जाने की हिदायत दे रहे थे।

 

चार श्रद्धालुओं के गहरे पानी में जाने की सूचना मिलते ही नाविक मुकेश वर्मा और शंकर वर्मा तथा होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ जवान नागेंद्र शर्मा और उदय सोलंकी तत्काल रेस्क्यू में जुट गए। जवानों और नाविकों ने तीन श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं शुभ उर्फ प्रखर तिवारी को भी गहरे पानी से बाहर निकालकर घाट पर लाया गया। उसकी हालत गंभीर होने पर मौके पर ही सीपीआर दिया गया और तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। रेस्क्यू अभियान में स्थानीय नाविकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। नाविक मुकेश वर्मा ने गहरे पानी में जाकर शुभ उर्फ प्रखर तिवारी को बाहर निकालने में मदद की।

 

प्रशासन और सुरक्षा बलों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नर्मदा में स्नान के दौरान निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र से आगे न जाएं और सुरक्षा जवानों की हिदायतों का पालन करें।

Next Post

ओवरस्पीड पर सुपरफास्ट बस और अन्य 7 वाहनों पर चालान

Tue Aug 18 , 2026
दमोह। सड़क पर तेज गति से दौड़ रही सागर-दमोह-जबलपुर सुपरफास्ट लोक सेवा बस और 7 अन्य वाहनों पर यातायात विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की।जानकारी के अनुसार बस क्रमांक एमपी 20 सीए 1877 ओवरस्पीड में चल रही थी। इसके अलावा सात और अन्य वाहनों को रोक कर उन पर […]

You May Like