सतना: मैहर जिले के ग्राम पिपरा कला में शुक्रवार को 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अनुष्का सेन (20 वर्ष), पिता दिनेश सेन, निवासी पिपरा कला, मैहर के रूप में हुई है।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उसके माता-पिता किसी काम से घर से बाहर गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे जब वे वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने काफी आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो अनुष्का फंदे पर लटकी हुई मिली।
घटना की जानकारी मृतका के पिता ने तत्काल मैहर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की।
कारण जानने का प्रयास जारी
शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मैहर की मर्चुरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
