अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, हत्याकांड में फरार इनामी शूटर गिरफ्तार

जबलपुर। क्राइम ब्रांच ने हत्या और हत्या के प्रयास में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी बदमाश शेख आदिल को घातक अवैध हथियारों और कारतूसों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लार्डगंज थाना अंतर्गत भूलन बस्ती के एक मकान में छिपकर फरारी काट रहा था, जिसे पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ ने बताया कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माढ़ोताल थाने में दर्ज हत्या, ग्वारीघाट थाने में दर्ज हत्या के प्रयास में फरार कुख्यात इनामी आरोपी शेख आदिल लार्डगंज की भूलन बस्ती में एक कोने वाले मकान में पनाह लिए हुए है। सूचना पर योजनाबद्ध तरीके से भूलन बस्ती में दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर शेख आदिल 35 वर्ष, निवासी रिपटा के पास, नया मोहल्ला बड़ी ओमती को धर दबोचा। शेख आदिल की तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक अवैध देसी पिस्टल बरामद हुई, जिसकी मैगजीन में 4 जिंदा कारतूस पहले से लोड थे। इसके बाद जब पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर उस मकान की सघन तलाशी ली, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। घर के अंदर अवैध हथियारों का पूरा जखीरा छिपाकर रखा गया था। दो देशी पिस्टल , एक रिवॉल्वर, एक बारह बोर का कट्टा, एक 315 बोर का कट्टा, एक जंग लगा हुआ कट्टा और दो एयर गन समेत एक तलवार, एक बका और एक धारदार चाकू, नौ खाली मैगजीन, 50 जिंदा कारतूस और 68 फायर किए हुए कारतूस जप्त किए गए। आरोपी शेख आदिल के नाम का एक पासपोर्ट और विभिन्न कंपनियों के 23 मोबाइल फोन जप्त किए गए है।

हथियारों की तस्करी का सिंडिकेट, बाबू सिंधी तक पहुंचती थी रकम, 23 मोबाइल खोलेंगे नए राज

आरोपी ने बताया कि छोटू उर्फ सुयश चौबे और बाबू सिंधी इस मकान का उपयोग अवैध हथियारों के डिपो के रूप में कर रहे थे। बाबू सिंधी ने ही उसे 12 बोर, 315 बोर और अन्य कट्टे बेचने के लिए दिए थे, जिनकी बिक्री का पैसा वापस बाबू सिंधी तक पहुंचना था।पुलिस अब जब्त किए गए 23 मोबाइल फोनों के कॉल रिकॉर्ड्स और डेटा को खंगाल रही है, जिससे शहर के कई और सफेदपोशों व अपराधियों के बेनकाब होने की पूरी उम्मीद है।

गैंगस्टर चौबे ने पिता के साथ दिया संरक्षण

आदिल ने कुबूल किया कि भूलन बस्ती का यह मकान शेखर चौबे का है। शेखर चौबे और उसके गैंगस्टर बेटे छोटू उर्फ सुयश चौबे ने ही उसे पुलिस से बचाने के लिए यहाँ रुकवाया था और पूरा संरक्षण दे रहे थे।

शेख आदिल ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने छोटू चौबे के कहने पर ही अनिराज नायडू की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा, छोटू चौबे के कहने पर ही रतन यादव पर गोली चलाने वाले लड़कों को हथियार और कारतूस सप्लाई किए थे और वह खुद भी उस साजिश में शामिल था। पुलिस ने आरोपी शेख आदिल के कब्जे से भारी मात्रा में हथियारों की खेप जब्त कर आरोपी शेख आदिल, शेखर चौबे, सुयश उर्फ छोटू चौबे और बाबू सिंधी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया है। इसके साथ ही आरोपी शेख आदिल को माढ़ोताल के हत्या के प्रकरण और ग्वारीघाट के हत्या के प्रयास के पुराने मामलों में भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

Next Post

6.38 लाख का गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार

Tue Aug 18 , 2026
जबलपुर। खमरिया पुलिस और क्राईम ब्रांच की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 12 किलो 766 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमत 6 लाख 38 हजार रुपये का जप्त किया गया है। गांजे की खेप उड़ीसा […]

You May Like