
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बच्चा जेल के पास अमलताश कॉलोनी के समीप एक मकान में 25 वर्षीय मालती प्रजापति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना देर शाम की बताई जा रही है। वारदात के समय महिला घर में अकेली थी। आशंका है कि अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर हमला किया। महिला का 7 वर्षीय बेटा घटना के समय घर के बाहर साइकिल चला रहा था।
मृतका का भाई पुष्पेंद्र प्रजापति जब घर पहुंचा तो उसने भांजे को बाहर खेलते देखा। घर के अंदर जाने पर बहन का खून से लथपथ शव मिला। उसने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मृतका का पति सुमन कुमार काम के सिलसिले में ढिलापुर गया हुआ था। परिजनों के मुताबिक परिवार ने हाल ही में नए मकान में गृह प्रवेश किया था।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
