ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचला, मौके पर मौत

इंदौर :खुड़ैल क्षेत्र में सोमवार शाम ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार 55 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. टक्कर से सड़क पर गिरे स्कूटी सवार के ऊपर से ट्रक का पिछला पहिया निकल गया. हादसा इतना भीषण था कि शव के टुकड़े सड़क पर करीब 20 फीट तक बिखर गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से टुकड़ों को समेटकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया.
खुड़ैल पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सिंगापुर टाउनशिप निवासी कांशीराम दोहरे के रूप में हुई है. कांशीराम सोमवार शाम रिश्तेदारों से मिलकर एक्टिवा से घर लौट रहे थे. शाम करीब 5 बजे वे ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही कांशीराम सड़क पर जा गिरे और इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया, उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक को रोक लिया, लेकिन मौका पाकर चालक फरार हो गया.
सूचना पर खुड़ैल पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई. समाजसेवी जेयू जोशी समेत अन्य लोगों ने पुलिस की मदद से शव को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने बताया कि कांशीराम सिलाई का काम करने के साथ गार्ड की नौकरी भी करते थे. परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं. तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया. मामले में पुलिस का कहना है कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. फरार ट्रक चालक की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

Next Post

ज्वैलर्स की दुकान पर लूट की कोशिश, व्यापारी पर गोली चलाई

Tue Aug 18 , 2026
ग्वालियर: गोले का मंदिर इलाके में ज्वैलर्स की दुकान पर लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। लूट के इरादे से पहुंचे बदमाशों ने व्यापारी पर गोली चला दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच […]

You May Like

मनोरंजन