जबलपुर: मझौली थाना अंतर्गत कुम्हरवाहा में खेल-खेल में नदी के पुल से गिरे से बालक की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुम्हरवाहा निवासी लक्ष्मण पटेल (40) ने सूचना दी कि उनका बड़ा बेटा आयुष पटेल, छोटा बेटा प्रिंस उर्फ पिंशू पटेल और गांव के अन्य बच्चे नदी के छोटे पुल के पास खेल रहे थे।
वहीं पास में गांव के अनिल ठाकुर भी मौजूद थे। शाम करीब 5 बजे खेलते-समय प्रिंस उर्फ पिंशू का पैर अचानक फिसल गया और वह सीधे उफनती नदी के गहरे पानी में जा गिरा। बच्चे के नदी में गिरते ही वहां मौजूद बच्चों और ग्रामीणों ने शोर मचाया। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत नदी के पानी में प्रिंस की काफी खोजबीन की। लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद प्रिंस का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर पानी से बरामद किया गया।
