मुंबई, (वार्ता)। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलाार ने सोमवार को कर्जत स्थित एनडी स्टूडियो के अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाल लिया। वह महाराष्ट्र फिल्म, नाटक और सांस्कृतिक विकास निगम के तहत गठित इसके संचालक मंडल (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) के पहले अध्यक्ष बने हैं।
पदभार संभालने के बाद अपनी पहली बोर्ड बैठक में शेलार ने 31 मार्च 2027 तक एनडी स्टूडियो के सभी घटकों पर 50 प्रतिशत छूट की घोषणा की। इसका उद्देश्य निर्माण लागत को कम करना और अधिक फिल्म निर्माताओं को महाराष्ट्र में शूटिंग के लिए प्रोत्साहित करना है।
यह छूट थीम पार्क के प्रवेश शुल्क, निर्माताओं, कलाकारों, कला निर्देशकों व क्रू मेंबर्स के ठहरने के खर्च और विभिन्न शूटिंग लोकेशनों के शुल्कों पर लागू होगी।
हाल ही में राज्य सरकार ने बेहतर प्रबंधन और बुनियादी ढांचे के सही उपयोग के लिए एनडी स्टूडियो का अधिग्रहण किया था। बोर्ड ने इसे केवल एक शूटिंग स्थल ही नहीं, बल्कि मनोरंजन और सांस्कृतिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजनाओं पर भी चर्चा की।
