
इंदौर. सागर की युवती से प्रेम प्रसंग के चलते इंदौर आए 27 वर्षीय युवक ने शनिवार को खुड़ैल थाना क्षेत्र स्थित अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. युवक की पहचान सागर निवासी आयुष उम्र 27 साल पिता उत्तम गोस्वामी के रूप में हुई है. वह यहां निजी कंपनी में ड्राइवर का काम कर रहा था. घटना के पीछे प्रेम प्रसंग को लेकर पुलिस जांच कर रही है.
आयुष देवगुराड़िया की मानसरोवर कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता था. शनिवार को वह फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा था. इसके बाद मकान मालिक से संपर्क किया. मकान मालिक कमरे पर पहुंचा तो आयुष फंदे पर लटका मिला. घटना की जानकारी उसके पिता को दी गई. पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि आयुष का सागर की एक युवती से प्रेम प्रसंग था. युवती इंदौर में पुलिस ट्रेनिंग कर रही थी. उसके इंदौर आने के बाद आयुष भी यहां आने की जिद करने लगा था. कुछ महीनों से वह इंदौर में रहकर ड्राइवरी कर रहा था. थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस ने कमरे की तलाशी ली थी, मगर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चला है. प्रेम प्रसंग से जुड़े पहलुओं के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है.
