वर्धा, 15 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र में वर्धा जिले के हिंगणघाट शहर में शुक्रवार सुबह डॉ. आंबेडकर स्कूल के पास एक निजी बस की टक्कर से दोपहिया वाहन सवार तीन स्कूली छात्राओं की मौत हो गयी।
पुलिस के अनुसार, तीनों छात्राएं एक दोपहिया वाहन पर सवार होकर जा रही थीं, तभी पीछे से आ रही निजी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गयीं और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी समृद्धि रूपक धामसे (15), आरुही राजू चव्हाण (17) और मिस्बाह जावेद शेख (17) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद छात्रों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता जतायी गयी है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
