भोपाल। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष यश घनघोरिया ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
घनघोरिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आत्मचिंतन करने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं और भारत को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, आर्थिक असमानता और संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष मौजूद चुनौतियों के बीच युवाओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने युवाओं से नफरत और विभाजनकारी ताकतों का विरोध करते हुए न्याय, समानता और स्वतंत्रता पर आधारित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति, एकता और भाईचारे की भावना के साथ मनाने की अपील की।
