
सिंगरौली । मोरवा थाना क्षेत्र के एनसीएल जयंत परियोजना में कबाड़ चोरी रोकने पहुंचे सुरक्षा गार्ड पर बदमाशों ने हमला कर दिया। बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे बी-1 मशीन के पास खड़ी ड्रिल से करीब 5 से 7 मीटर केबल काट रहे कबाड़ चोरों के समूह ने ड्यूटी पर तैनात डीजीआर सुरक्षा गार्ड विजय तिवारी पर टांगी से हमला कर दिया। हमले में गार्ड घायल हो गए। आरोप है कि बदमाश उनका मोबाइल और गन छीनकर फरार हो गए। 10 दिनों के दौरान इस तरह की यह दूसरी वारदात है। इसके पहले लूटेरों ने सुरक्षा गार्ड पर हमला कर राइफल तक लूट लिये थे।
घटना की सूचना मिलते ही एनसीएल जयंत की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों का पीछा किया। पीछा किए जाने पर हमलावर गन छोड़कर भाग निकले। करीब दो घंटे बाद रात 2:30 बजे यमुना ड्रग लाइन के सामने फेस डंपिंग के पास से गन बरामद कर ली गई। गन बरामदगी में एनसीएल मुख्यालय पेट्रोलिंग टीम और जयंत पुलिस चौकी का सहयोग बताया गया है। घायल गार्ड को उपचार के लिए नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना ने परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 10 दिन पूर्व खदान में हुई लूटपाट के आरोपियों को मोरवा पुलिस नही पकड़ पाई है। आरोप है कि पुलिस हवा में तीर मार रही है। मोरवा थाना क्षेत्र के जयंत परियोजना में सक्रिय कबाड़ एवं डीजल चोरों को लेकर पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
