गाड़ी खड़ी करने के विवाद को लेकर विवाद, पिता पुत्र को लाठी डंडों से पीटा

ग्वालियर। चीनौर थाना क्षेत्र के छीमक बस स्टैंड पर वाहन खड़ा करने के विवाद में बदमाशों ने एक कारोबारी पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर 4 को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार अतेंद्र रावत और उनका बेटा मोहित रावत छीमक बस स्टैंड पर इलेक्ट्रिकल की दुकान चलाते हैं। बीती शाम उनकी दुकान के सामने कुछ युवकों ने गाड़ी पार्क कर दी। गाड़ी हटाने को लेकर कहासुनी हो गई।

आरोप है कि कुछ देर बाद सोनू परिहार, रोमियो, तूफान, विष्णु और कालू अपने चार अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर बस स्टैंड पहुंचे और पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। दोनों को काफी देर तक बेरहमी से पीटा गया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया, जो अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव के संज्ञान में आया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को वीडियो की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में वीडियो छीमक बस स्टैंड का पाया गया।

इसके बाद चीनौर थाना पुलिस ने पीड़ित पिता-पुत्र को थाने बुलाया। उनकी शिकायत पर पांच नामजद व चार अज्ञात सहित कुल नौ आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे फरार साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

 

*पहले फरियादियों ने की थी मारपीट – पुलिस की जांच में दूसरा पहलू भी आया*

पुलिस जांच में सामने आया है कि फरियादी बने पिता-पुत्र की छीमक बस स्टैंड पर पशु आहार की दुकान भी है। बीती शाम आरोपी पक्ष ने उनकी दुकान के आगे गाड़ी पार्क की थी। पिता-पुत्र ने गाड़ी हटाने को कहा तो बहस हो गई, जिसमें पिता-पुत्र ने मिलकर उक्त युवक की मारपीट कर दी थी। इसके बाद पिटे हुए युवक ने अपने साथियों को बुलाकर पिता-पुत्र पर पलटवार किया।

इनका कहना है –

वाहन पार्क करने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष द्वारा कारोबारी पिता-पुत्र पर हमला किया गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद फरियादी को थाने बुलवाकर उसकी शिकायत पर पांच नामजद सहित नौ आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर चार को गिरफ्तार कर लिया है।

– शैलेंद्र सिंह गुर्जर, थाना प्रभारी, चीनौर

Next Post

शिंदे की छावनी रोड पर दलदल में फंसे चार पहिया वाहन

Fri Aug 14 , 2026
ग्वालियर। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र शिंदे की छावनी पर सड़क की बदहाली का नजारा देखने को मिला। सड़क पर बने दलदल में एक चार पहिया वाहन फंस गया, जिससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण शिंदे की छावनी मुख्य सड़क पर गहरे गड्ढों […]

You May Like