शिवपुरी: नगर पालिका में सड़कों की मरम्मत के नाम पर 16 लाख रुपये से अधिक के फर्जी पेमेंट घोटाला के मामले में लंबे समय से आरोपी ठेकेदार अर्पित शर्मा फरार चल रहा था। 10 हजार के ईनामी आरोपी ने आखिरकार शिवपुरी कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने कोर्ट से आरोपी को रिमांड पर लिया है। पूछताछ के बाद उसे आज 18 सितंबर को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
दरअसल, लाखों के इस बिल घोटाला मामले में नगर पालिका के दो इंजीनियर समेत ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें नपा के दो इंजीनियर पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं, ठेकेदार अर्पित शर्मा फरार था। जिस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। हाईकोर्ट ग्वालियर से अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद उसने सरेंडर का फैसला लिया।
