
इंदौर. वन विभाग के कर्मचारियों के वेतन से जुड़े विवाद में हाईकोर्ट ने इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा और तहसीलदार प्रीति भीसे को शुक्रवार 21 अगस्त को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं. आदेश के पालन में देरी को लेकर दायर अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह निर्देश दिए.
जस्टिस संदीप एन भट्ट की बेंच में मामले की सुनवाई हुई. याचिका वन विभाग के कर्मचारियों की ओर से दायर की है. इसमें आरोप है कि कर्मचारियों से संबंधित वेतन विवाद में बकाया राशि की वसूली के आदेश जारी होने के बावजूद उसका पालन नहीं किया. मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कलेक्टर और तहसीलदार को अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं. अब शुक्रवार को दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में मामले की आगे सुनवाई होगी.
