
झाबुआ. पेटलावद में गाय गोहरी के दौरान हुड़दंग और पुलिसकर्मियों से अभद्रता के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने थाना परिसर से श्रद्धांजलि चौक तक आरोपियों का जुलूस निकाला। इस दौरान युवक कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। श्रद्धांजलि चौक पर पुलिस ने उनसे उठक-बैठक भी करवाई।
बताया गया कि गाय गोहरी के दौरान मुक्ति धाम के पास भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, थांदला रोड स्थित एक होटल के बाहर आपसी विवाद के दौरान तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी।
मामले से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें मुक्ति धाम के बाहर पुलिसकर्मी युवाओं की भीड़ को हटाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान पीछे से एक युवक ने पुलिसकर्मी पर बेल्ट से हमला कर दिया। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह पंपवती नदी की ओर भाग गया और रास्ते में गिरने के बाद पुलिस को इशारे करता नजर आया।
टीआई निर्भयसिंह भूरिया के अनुसार, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने राहुल मुन्ना पारगी (19), सुरेश सलीया मेडा (19), सुनील राजू पारगी (19) और पंकज उर्फ अंकित (20) को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की है। सभी आरोपी झोसर मातापाड़ा के निवासी है।
