भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने भोपाल नगर निगम पर “स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26” के दौरान शहर की वास्तविक स्वच्छता व्यवस्था छिपाने का आरोप लगाया है। उन्होंने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहरलाल खट्टर को पत्र लिखकर कहा कि नगर निगम वास्तविक सफाई व्यवस्था सुधारने के बजाय केवल दिखावटी सौंदर्यीकरण पर ध्यान दे रहा है।
विवेक त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सर्वेक्षण टीम को प्रभावित करने के लिए लाखों रुपये रंगरोगन और सजावट पर खर्च किए जा रहे हैं, जबकि बुनियादी स्वच्छता सुविधाओं की हालत खराब बनी हुई है। उन्होंने अरेरा कॉलोनी स्थित 10 नंबर मार्केट के सुलभ शौचालय का उदाहरण देते हुए कहा कि बाहर से रंगाई-पुताई कर उसे आकर्षक बनाया गया, लेकिन अंदर टूटी पाइपलाइन, दुर्गंध और गंदगी का अंबार है।कांग्रेस ने सार्वजनिक शौचालयों के स्वतंत्र निरीक्षण, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, पेयजल व्यवस्था की जांच और स्वच्छ सर्वेक्षण में निष्पक्ष मूल्यांकन की मांग की है।
