
दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले के विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का हाल जाना। इस दौरान लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। तो वहीं बच्चों और गौ-सेवा कर संवेदनशील पहल भी की। आंगनबाड़ी केंद्र हर्रई (क्रमांक 15) में बिना कनेक्शन के लगभग 48हजार बिल आने का गंभीर मामला सामने आया। कलेक्टर ने इस पर सख्त नाराजगी जताते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल जांच और सुधार के कड़े निर्देश दिए। हर्रई सिंगौरगढ़ गौशाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गौ-माता को अपने हाथों से केले खिलाए और गौशाला की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। हर्रई आंगनबाड़ी केंद्रों का जायजा लेते हुए उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों को केले बांटे और उनके पोषण व शिक्षा के स्तर की जानकारी ली।हर्रई सिंगौरगढ़ की गौशाला व विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्र निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और आमजन व बच्चों से जुड़ी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए।
