चंदला: लवकुशनगर बीआरसी अंतर्गत ग्राम पंचायत माधवपुर की प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को लेकर छात्र-छात्राओं ने अपनी बात रखी है। बच्चों का कहना है कि उन्हें मैन्यू के अनुसार भोजन नियमित रूप से नहीं मिल पा रहा है।छात्र-छात्राओं के अनुसार कई बार लगातार तीन दिनों तक केवल चावल परोसे जाते हैं। भोजन की मात्रा भी पर्याप्त नहीं होती, जिससे कई बच्चों को पूरा खाना नहीं मिल पाता।
उनका कहना है कि खीर, कड़ी, पूड़ी अथवा पुलाव जैसे व्यंजन बहुत कम बनते हैं।विद्यालय में कुल 95 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें से प्रतिदिन लगभग 65 बच्चे उपस्थित रहते हैं। बच्चों ने बताया कि मध्यान भोजन उनकी वास्तविक संख्या के अनुरूप तैयार नहीं किया जाता।विद्यालय प्रभारी रामप्रताप मिश्रा ने बताया कि बच्चों की उपस्थिति की जानकारी संबंधित समूह को दी जाती है, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा है।इस संबंध में बीआरसी लवकुशनगर राजेश रावत ने बताया कि मामले की जांच कर प्रतिवेदन भेज दिया गया है और आगामी बैठक में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
