मक्सी: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मक्सी नगर में गुरुवार को देशभक्ति का शानदार माहौल देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी मंडल मक्सी की ओर से मंडल अध्यक्ष गोविंद गोलू पटेल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा वाहन यात्रा निकाली गई। यात्रा में क्षेत्रीय विधायक अरुण भीमावद और भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पांडे विशेष रूप से शामिल हुए। इसके अलावा बड़ी संख्या में नागरिक, युवा, सामाजिक संगठनों के सदस्य और विभिन्न समाजों के लोग यात्रा का हिस्सा बने। यात्रा के दौरान हर हाथ में तिरंगा नजर आया और भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।
दोपहर करीब 3:30 बजे बस स्टैंड परिसर से शुरू हुई तिरंगा वाहन यात्रा पुराने एबी रोड, जैन मंदिर मार्ग, मस्जिद चौक, नया बाजार, जूना बाजार, भटोड़ चौक, तकिया मोहल्ला, बजरंग मोहल्ला और गड़रोली होते हुए कनासिया नाके पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में मक्सी के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान सर्व समाज की भागीदारी देखने को मिली। तिरंगे से सजे वाहनों के साथ निकली यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को खास बना दिया और राष्ट्रध्वज के सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
