जानापाव में गूंजा कृष्ण नाम, 17 करोड़ से बनेगा ‘परशुराम -श्रीकृष्ण लोक’

इंदौर। जन्माष्टमी पर शुक्रवार को जानापाव की पहाड़ी आस्था और धार्मिक आयोजनों से सराबोर रही। भगवान परशुराम की जन्मस्थली माने जाने वाले इस पौराणिक स्थल पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले ‘परशुराम लोक’ और ‘श्रीकृष्ण लोक’ का भूमिपूजन किया। महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित होने वाली यह परियोजना जानापाव को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने जानापाव में महर्षि परशुराम से सुदर्शन चक्र प्राप्त किया था। यही कारण है कि कृष्ण और परशुराम से जुड़े इस स्थल का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब पांच हजार वर्ष पुराने पौराणिक इतिहास को नए सिरे से सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम ने मध्यप्रदेश में जहां-जहां चरण रखे, उन स्थलों को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। चित्रकूट, जानापाव, श्रीराम के वनगमन से जुड़े आश्रमों के साथ कृष्ण से जुड़े रुक्मिणी हरण और धार जिले के पौराणिक युद्ध स्थलों को भी विकास की योजना में शामिल किया जाएगा।

रोपवे से आसान होगी पहाड़ी की चढ़ाई

परियोजना में यज्ञकुंड का पुनर्विकास, ऑडिटोरियम, ध्यान कुटीर, हर्बल गार्डन, लैंडस्केपिंग, बहुउद्देशीय भवन और जनसुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। पहाड़ी तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान बनाने के लिए रोपवे निर्माण भी प्रस्तावित है।

रोजगार के नए अवसर 

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल लोक के बाद उज्जैन में धार्मिक पर्यटन बढ़ा है और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिले हैं। इसी तर्ज पर जानापाव को भी आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।

दही हांडी का आयोजन

कार्यक्रम में कृष्ण लीलाओं पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं और दही हांडी का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने जानापाव मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान सांसद कविता पाटीदार, विधायक उषा ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Next Post

जय कन्हैया लाल के जयकारे के साथ मना जन्माष्टमी 

Fri Sep 4 , 2026
सीधी। जिले में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की आज धूम रही। जगह-जगह श्री कृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाकर लोगों ने पूरी आस्था के साथ व्रत रखा। मंदिरों में भी भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव कार्यक्रम के चलते भजन-कीर्तन होता रहा। भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाने के लिए श्रद्धालु नंद के आनंद […]

You May Like