नयी दिल्ली, 06 अक्टूबर (वार्ता) वाहनों की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर गत सितंबर में करीब 32 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह सबसे अच्छा सितंबर साबित हुआ।
वाहन डीलरों के शीर्ष संगठन फाडा द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2025 के मुकाबले पिछले महीने वाहनों की कुल बिक्री 31.82 प्रतिशत बढ़कर 25.36.920 पर पहुंच गई। इस तेज उछाल में पिछले साल सितंबर में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में सुधारों के लागू होने तक खुदरा मांग शिथिल पड़ने से आई गिरावट का भी योगदान है। जीएसटी में सुधार के बाद वाहनों के दाम कम हुए थे। ये सुधार 22 सितंबर से लागू किए गए थे।
यात्री वाहनों, वाणिज्यिक वाहनों, दुपहिया और तिपहिया की बिक्री ने सितंबर महीने के नए कीर्तिमान कायम किए। यात्री वाहनों की बिक्री 32.10 फीसदी बढ़कर 4,27,213 इकाई हो गई। अगस्त में पिछड़ने के बाद पेट्रोल इंजन वाले यात्री वाहनों की बिक्री एक बार फिर वैकल्पिक ईंधनों (सीएनजी, हाइब्रिड और ईवी) वाले वाहनों से अधिक रही है।
दुपहिया की बिक्री 33.08 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 17,90,188 इकाई पर और तिपहिया की 22.25 प्रतिशत बढ़कर 1,32,570 इकाई पर पहुंच गई। इसमें शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की वृद्धि की रफ्तार लगभग एक जैसी रही है।
वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 1,03,557 इकाई रही पिछले साल सितंबर से 37.62 प्रतिशत ऊपर है। सितंबर में पहली बार यह आंकड़ा एक लाख के पार पहुंचा है। पहिये वाले निर्माण उपकरणों की बिक्री 6,486 इकाई रही जो 38 फीसदी की वृद्धि दिखाता है। ट्रैक्टरों की बिक्री 13.75 फीसदी बढ़कर 76,906 इकाई पर रही।

