ट्रक किराया सितंबर में 13 प्रतिशत तक बढ़ा: श्रीराम मोबिलिटी बुलेटिन

मुंबई, 06 अक्टूबर (वार्ता) ईंधन की लागत बढ़ने से सितंबर महीने में सालाना आधार पर ट्रकों का किराया सालाना आधार पर 13 प्रतिशत तक बढ़ गया। श्रीराम फाइनेंस की ओर से मंगलवार को जारी श्रीराम मोबिलिटी रिपोर्ट के अनुसार, ट्रैक किये गये सभी प्रमुख मार्गों पर साल-दर-साल आधार पर किराये ऊंचे बने रहे। दिल्ली-कोलकाता-दिल्ली मार्ग पर किराये में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। इसके बाद बेंगलुरु-मुंबई-बेंगलुरु मार्ग पर 11 प्रतिशत और कोलकाता-गुवाहाटी-कोलकाता मार्ग पर 10 प्रतिशत का स्थान रहा। अन्य मार्गों पर किराये में चार प्रतिशत से नौ प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई।

वाहनों की बिक्री के रुझानों में सितंबर में क्रमिक बढ़ोतरी दिखी। कोर सेक्टर के सेगमेंट सबसे आगे रहे। निर्माण उपकरणों की बिक्री में 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद अर्थ-मूविंग उपकरण (17 प्रतिशत) और माल ढोने वाले वाहन (13 प्रतिशत) का स्थान रहा। मोटरसाइकिल/स्कूटर और मोटर कारों की बिक्री में चार-चार प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। कृषि के लिए ट्रैक्टरों की बिक्री में 15 प्रतिशत और वाणिज्यिक ट्रैक्टरों की बिक्री में 22 प्रतिशत की गिरावट आई।

श्रीराम फाइनेंस के वाणिज्यक वाहन विभाग के संयुक्त प्रबंध निदेशक एवं मुख्य परिचालन अधिकारी सुदर्शन होल्ला ने कहा, “त्योहारी मौसम में ट्रकों के किराये में स्थिरता, दुपहिया वाहनों की मजबूत मांग, ईवी को तेजी से अपनाना, और भारी-भरकम ट्रकों तथा निर्माण उपकरणों की अच्छी बिक्री मजबूत आर्थिक गतिविधि की ओर इशारा करते हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि वाणिज्यिक वाहनों और निर्माण उपकरणों में दिखी मजबूती अवसंरचना और कोर सेक्टर में लगातार तेजी का संकेत देती है। त्योहारी मौसम के दौरान ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की चिंता बाजार के उत्साह को कम कर सकती है।”

सितंबर में ईंधन की खपत भी बढ़ी। सालाना आधार पर पेट्रोल की खपत 7.2 प्रतिशत और डीजल की 4.9 प्रतिशत बढ़ी। महीने के दौरान सालाना आधार पर फास्टटैग से भुगतान की संख्या में एक प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि इससे प्राप्त आय 11 प्रतिशत बढ़ी।

.....

Next Post

अडानी पावर भूटान में ड्रुक ग्रीन के साथ शुरू करेगी 770 मेगावाट की चमखारचू-1 जलविद्युत परियोजना

Tue Oct 6 , 2026
अहमदाबाद, 06 अक्टूबर (वार्ता) अडानी समूह की बिजली कंपनी अडानी पावर और भूटान की सरकारी बिजली कंपनी ड्रुक ग्रीन पावर ने भूटान में 770 मेगावाट के चमखारचू-1 जलविद्युत परियोजना शुरू करने के लिए मंगलवार को शेयरहोल्डर्स एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर भूटान के प्रधानमंत्री ल्योंचेन दाशो शेरिंग तोबगे, […]

You May Like