अडानी पावर भूटान में ड्रुक ग्रीन के साथ शुरू करेगी 770 मेगावाट की चमखारचू-1 जलविद्युत परियोजना

अहमदाबाद, 06 अक्टूबर (वार्ता) अडानी समूह की बिजली कंपनी अडानी पावर और भूटान की सरकारी बिजली कंपनी ड्रुक ग्रीन पावर ने भूटान में 770 मेगावाट के चमखारचू-1 जलविद्युत परियोजना शुरू करने के लिए मंगलवार को शेयरहोल्डर्स एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर भूटान के प्रधानमंत्री ल्योंचेन दाशो शेरिंग तोबगे, भी मौजूद थे। यह परियोजना दोनों साझेदारों के बीच दूसरा बड़ा जलविद्युत सहयोग है। इससे पहले सितंबर 2025 में 570 मेगावाट की वांगचू जलविद्युत परियजना के लिए समझौता हुआ था। दोनों परियोजनाएं मई 2025 में अडानी समूह और ड्रूक ग्रीन पावर के बीच हुए 5,000 मेगावाट जलविद्युत विकास के बड़े सहमति पत्र का हिस्सा है।

यह ‘पीकिंग रन-ऑफ-रिवर’ परियोजना मध्य भूटान के झेमगांग जिले में चमखारचू नदी पर स्थित है। इसमें अडानी पावर की इक्विटी हिस्सेदारी 49 प्रतिशत और ड्रूक ग्रीन की 51 प्रतिशत है। यह परियोजना भूटान की हरित ऊर्जा बनाने की क्षमता को मजबूत करेगा और क्षेत्रीय ऊर्जा सहयोग को बढ़ाएगा। इसका निर्माण 2027 की पहली छमाही में शुरू होने की उम्मीद है और काम शुरू होने के छह साल बिजली उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य है।

अडानी पावर के प्रबंध निदेशक अनिल सरदाना ने कहा, “हम चमखारचू जलविद्युत परियोजना के जरिये भूटान की सरकार और ड्रूक ग्रीन पावर के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत करके बहुत खुश हैं। दक्षिण एशिया में ऊर्जा के स्रोतों में बदलाव को तेजी से आगे बढ़ाने में जलविद्युत अहम भूमिका निभाएगा। यह परियोजना ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने, कार्बन उत्सर्जन कम करने और साझा सस्टेनेबिलिटी लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में बड़ा योगदान देगा।”

ड्रूक ग्रीन पावर के प्रबंध निदेशक दाशो छेवांग रिन्जिन ने कहा, “यह साझेदारी भूटान की जलविद्युत विकास यात्रा में एक और अहम पड़ाव है। यह भूटान की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में योगदान देगा, खासकर सर्दियों के महीनों में। साथ ही अतिरिक्त हरित ऊर्जा भारत में बेचने और उसका बेहतर इस्तेमाल करने के मौके भी पैदा करेगा।”

.....

Next Post

भारत में पांच साल में तीन करोड़ यूरो निवेश करेगी प्रीकास्ट कॉन्क्रीट कंपनी एलिमैटिक

Tue Oct 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 अक्टूबर (वार्ता) प्रीफैब्रिकेशन निर्माण समाधान के क्षेत्र में काम करने वाली फिनलैंड की कंपनी एलिमैटिक भारत में अपना कारोबार बढ़ाने के लिए अगले पांच साल में तीन करोड़ यूरो के निवेश की योजना बना रही है। एलिमैटिक के निदेशक मंडल के अध्यक्ष काई-पेटेरी पुरहोनेन ने यहां मंगलवार […]

You May Like