शहर में बेखौफ फर्राटे भर रहे फैंसी नंबर प्लेट वाले हजारों वाहन

इंदौर: शहर की सड़कों पर फैंसी और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का चलन कितना बड़ा है, इसका अंदाजा सितंबर में हुई यातायात पुलिस की कार्रवाई से लगाया जा सकता है. महीनेभर में 3303 वाहनों की नंबर प्लेट नियमों के विपरीत मिली और उन पर कार्रवाई की गई. यानी औसतन हर दिन 110 वाहन ऐसी नंबर प्लेट के साथ पकड़े. यह सिर्फ कार्रवाई में सामने आए वाहनों का आंकड़ा है, ऐसे में सवाल है कि शहर की सड़कों पर ऐसे कुल कितने वाहन दौड़ रहे हैं.

यातायात पुलिस ने सितंबर में चारों जोन में नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 29,113 चालान बनाए और 49 लाख 10 हजार 700 रुपए समन शुल्क वसूला. फैंसी नंबर प्लेट के बाद सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर हुई. इसके 5812 चालान बने. नो पार्किंग के 5395, संकेत उल्लंघन के 2976 और वन वे उल्लंघन के 2490 चालान बनाए. बिना बीमा वाहन चलाने के 2415 और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के 1584 मामलों में भी कार्रवाई हुई.

इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले 910, तीन सवारी बैठाने वाले 882, सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 828, ब्लैक फिल्म लगाने वाले 764 और बिना फिटनेस वाहन चलाने वाले 254 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई. शराब पीकर वाहन चलाने के 5 और बिना परमिट वाहन चलाने के 4 मामले भी पकड़े. हालांकि अगस्त की तुलना में सितंबर में यातायात पुलिस की चालानी कार्रवाई कम रही. अगस्त में 32,616 चालान बनाए गए थे और 53 लाख 73 हजार 900 रुपए समन शुल्क वसूला था. सितंबर में 3503 कम चालान बने और वसूली भी 4 लाख 63 हजार 200 रुपए कम रही.
सितंबर में इन मामलों के कोई प्रकरण नहीं आए सामने
आंकड़ों में कुछ ऐसे नियम उल्लंघन भी हैं, जिनमें सितंबर में किसी भी जोन में कार्रवाई दर्ज नहीं हुई. इनमें नाबालिगों के वाहन चलाने, बिना रजिस्ट्रेशन वाहन दौड़ाने और तेज गति से वाहन चलाने के मामले शामिल हैं. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-1,4 यातायात, नगरीय संतोष सिंह कौल ने बताया कि नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. ऐसी नंबर प्लेट से वाहन की पहचान में परेशानी होती है, इसलिए वाहन चालकों को निर्धारित प्रारूप वाली नंबर प्लेट का ही इस्तेमाल करना चाहिए.

Next Post

पहाड़, नदी और गांव की जिंदगी बनी पर्यटकों की पसंद

Mon Oct 5 , 2026
इंदौर: शहर से निकलकर जब रास्ता पहाड़ों और हरियाली के बीच पहुंचता है तो पर्यटन की तस्वीर भी बदलती नजर आती है. महू क्षेत्र में कालाकुंड से करीब एक किलोमीटर पहले बड़खेड़ा में अब पर्यटक सिर्फ प्रकृति देखने नहीं आ रहे, बल्कि गांव में रुककर गांव की जिंदगी जीने पहुंच […]

You May Like