जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत गौर चौकी स्थित सालीवाड़ा में सोमवार दोपहर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए 4 वर्षीय मासूम बालक का शव मंगलवार सुबह गांव के ही एक तालाब में उतराता हुआ मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सालीवाड़ा निवासी रवि गौंड का 4 वर्षीय पुत्र ध्रुव गौड़ सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया था। उस समय उसकी 2 वर्षीय छोटी बहन घर पर अकेली थी। शाम को जब मासूम का पिता मजदूरी करके घर लौटा, तो ध्रुव घर पर नहीं मिला। पिता ने तत्काल मोहल्ले और आसपास के संभावित ठिकानों पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन बालक का कहीं कोई सुराग नहीं लगा।
परिजनों ने गौर चौकी पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज की। सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन रात के अंधेरे के कारण सफलता हाथ नहीं लगी। मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे ग्रामीणों से सूचना मिली कि सालीवाड़ा तालाब में एक बच्चे का शव उतरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त लापता मासूम ध्रुव गौड़ के रूप में की गई। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक दृष्टि से मामला पानी में डूबने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
