नयी दिल्ली, 07 जुलाई, (वार्ता) हॉकी इंडिया ने मंगलवार को ‘वीमेंस यूथ हॉकी5एस एशियन चैंपियनशिप 2026’ के लिए 15-सदस्यीय सब-जूनियर महिला टीम की घोषणा की। चुनी गई खिलाड़ी मस्कट, ओमान में होने वाले टूर्नामेंट की तैयारी के लिए भोपाल की मध्य प्रदेश स्टेट शूटिंग एकेडमी में नेशनल कोचिंग शिविर में हिस्सा ले रही हैं। भारत की पूर्व कप्तान और सब-जूनियर महिला टीम की कोच रानी की देखरेख में हो रहा यह तैयारी कैंप चार जुलाई को शुरू हुआ और 18 जुलाई को खत्म होगा।
शिविर को लेकर कोच रानी ने कहा, “वीमेंस यूथ हॉकी5एस एशियन चैंपियनशिप हमारी युवा खिलाड़ियों के लिए अपने करियर की शुरुआत में ही बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय अनुभव पाने का एक शानदार मौका है।
चूंकि सब-जूनियर टीमें पहली बार इस तरह के इवेंट में हिस्सा ले रही हैं, इसलिए हमारा फोकस खिलाड़ियों को हॉकी5एस की खास ज़रूरतों को समझने में मदद करने के साथ-साथ उनके बुनियादी कौशल और टैक्टिकल समझ को बेहतर बनाने पर होगा। हम ऐसे कैंप को सपोर्ट करने और आयोजित करने के लिए मध्य प्रदेश सरकार का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं, क्योंकि ये कैंप भारतीय हॉकी के भविष्य के लिए टैलेंट की एक मजबूत पाइपलाइन बनाने और हमारे ग्रासरूट इकोसिस्टम को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।”
चुने गए 15 सदस्यों के ग्रुप में वे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने घरेलू सर्किट और पिछले नेशनल कैंप में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। अभी चल रहा कैंप स्किल को बेहतर बनाने, टैक्टिकल समझ, फिटनेस कंडीशनिंग और कॉन्टिनेंटल कॉम्पिटिशन से पहले हॉकी5एस के तेज-तर्रार प्रारुप के हिसाब से ढलने पर फ़ोकस कर रहा है। महिला यूथ हॉकी5एस एशियन चैंपियनशिप 2026 की तैयारी के लिए शिविर में शामिल खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है:- रश्मीन कौर, रुबीना बक्सला, नैन्सी सरोहा, पुष्पा मांझी, खिली कुमारी, किरण एक्का, स्वीटी कुजूर, स्नेहा दावड़े, नौशीन नाज, श्रुति कुमारी, नीलम टोपनो, प्रियंका मिंज, दीया, संदीप कुमारी और महक परिहार।

