नयी दिल्ली, 07 जुलाई (वार्ता) लंबे समय से बीमार चल रहे अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जदरान का मंगलवार को निधन हो गया है वह 38 साल के थे। जदरान ‘हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस’ (एचएलएस) से जूझ रहे थे, जो इम्यून सिस्टम से जुड़ी एक बीमारी है। पिछले कुछ महीनों से दिल्ली-एनसीआर इलाके में उनका इलाज चल रहा था। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शापूर जदरान के निधन की जानकारी दी।
एसीबी ने लिखा, “शापूर जदरान अफगानिस्तान क्रिकेट की नींव रखने वाले खिलाड़ियों में से एक थे। उनके समर्पण, जुनून और अटूट प्रतिबद्धता ने हमारे देश में इस खेल के विकास और आगे बढ़ने में अहम भूमिका निभाई। वह उन गर्व करने लायक क्रिकेटरों में से थे जो अफगानिस्तान के शुरुआती क्रिकेट सफ़र का अहम हिस्सा रहे और उस रास्ते को बनाने में मदद की जिसने अफगान क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया।” जदरान अंतरराष्ट्रीय करियर एक दशक लंबा रहा, जिसमें उन्होंने 2009 से 2020 के बीच 44 वनडे मैचों में 43 विकेट और 36 टी-20 मैचों में 37 विकेट लिए। जदरान ने 2015 वनडे वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ अफगानिस्तान की ऐतिहासिक जीत में विजयी रन भी बनाए थे।

